दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री कुमकुम धर ने किया शुभारंभ
(नितेन्द्र झां)
महोबा/ उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे 37 करोड़ पौधरोपण महाअभियान के अंतर्गत जनपद महोबा में आज जिला स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन शिशु शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, राठ रोड महोबा में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार द्वारा नामित दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री एवं बिरजू महाराज कथक संस्थान, लखनऊ की अध्यक्ष श्रीमती कुमकुम धर द्वारा किया गया।
वन विभाग के प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि वृक्षारोपण महाअभियान के तहत जनपद में वन विभाग द्वारा 39 लाख 200 पौधे तथा अन्य विभागों द्वारा 34 लाख 05 हजार 818 पौधे, कुल 73 लाख 06 हजार 018 पौधों का रोपण किया गया। यह पौधे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की प्रेरणा पर आधारित हैं।
इस अवसर पर राज्य मंत्री श्रीमती कुमकुम धर ने अपने संबोधन में कहा,“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2030 तक प्रदेश का हरित आवरण 15% तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। आज का यह महाअभियान उसी लक्ष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है।”
जिलाधिकारी श्रीमती गजल भारद्वाज ने जानकारी दी कि वृक्षारोपण के लिए जिले की 22 ग्राम पंचायतों में चयनित स्थलों पर एक साथ 2000 से 5000 पौधे लगाए गए हैं। सभी स्थलों पर पौधों की सुरक्षा हेतु तारबंदी, जाली और सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा किसानों को फलदार, औषधीय व टिंबर प्रजाति के पौधे वितरित किए गए हैं ताकि उनकी आमदनी में वृद्धि हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद की 6 विलुप्तप्राय नदियों — चंद्रावल, विरमा, गौची, अर्जुन, सिहू, क्योलारी — को पुनर्जीवित करने का कार्य किया जा रहा है और इन नदियों के किनारे भी वृक्षारोपण कराया जा रहा है।
इस दौरान कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे सचिव वित्त एवं वृक्षारोपण अभियान के नोडल अधिकारी श्री शाहिद मंजर अब्बास रिजवी (आईएएस) ,विधान परिषद सदस्य श्री जितेंद्र सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री जे.पी. अनुरागी,भाजपा जिलाध्यक्ष श्री मोहन लाल कुशवाहा,पुलिस अधीक्षक श्री प्रबल प्रताप सिंह
वन विभाग के अधिकारी, स्कूली छात्र, एनजीओ, पत्रकार एवं आमजन। कार्यक्रम के अंत में स्कूल के छात्रों ने यह शपथ ली कि वे स्वयं और अपने परिवार की ओर से पौधे लगाकर उनकी देखरेख करेंगे।
