best news portal development company in india

परमात्मा प्रलोभन से नहीं समर्पण से मिलते हैं पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

SHARE:

बागेश्वर महाराज ने की भक्तों से अपील, सेवादारों को चेताया

(नितेन्द्र झां)

#महोबा (छतरपुर)। सिद्ध पीठ बागेश्वर धाम में लाखों भक्त बालाजी के दर्शन करने और महाराज श्री का आशीर्वाद प्राप्त करने आ रहे हैं। साधना के बीच देवी माता की महिमा का बखान करते समय बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि जो लोग प्रलोभन के साथ परमात्मा के दर्शन करने आते हैं उन्हें परमात्मा नहीं मिलते। समर्पण के साथ दर्शन की लालसा वालों को ईश्वर की अनुकंपा मिलती है। महाराज श्री ने सभी भक्तों को प्रलोभन देने से बचने की सलाह दी और सेवादारों को चेतावनी दी कि वे किसी प्रलोभन में आकर लोगों की उनसे भेंट न करवाएं।
बागेश्वर महाराज ने देवी माता की महिमा का बखान करने के क्रम में सातवें दिन मां कालरात्रि के रूप का वर्णन किया। महाराज श्री ने कहा कि शुंभ निशुंभ जैसे राक्षसों का संहार करने के लिए मां पार्वती ने कालरात्रि का रूप धारण किया था। देवी माता के महात्म्य की कथा के मुख्य यजमान कुशीनगर के अजय राय है। वे पूरे परिवार के साथ कथा श्रवण कर पुण्य लाभ कमा रहे हैं। कथा के बीच में ही महाराज श्री ने सभी भक्तों से आग्रह किया कि वह प्रलोभन देकर उन तक आने का प्रयास न करें। वहीं उन्होंने सेवादारों को चेतावनी देते हुए कहा कि वह किसी प्रलोभन में आकर भक्तों को उन तक न लाएं। इसी दौरान उन्होंने यह भी बताया कि एक भक्त बैग में रुपए भर कर अस्पताल के लिए देने आया था लेकिन उसकी शर्त थी कि वह 5 मिनट अकेले में महाराज जी से भेंट कर ले। महाराज श्री ने ऐसे प्रलोभन देने वाले को दुत्कार कर भगा दिया। महाराज जी ने कहा कि वह भले ही कैंसर अस्पताल के लिए धन देने आया हो लेकिन यदि उसके मन में पैसे का गुरूर है और वह पैसे के दम पर भेंट करना चाहता है तो ऐसे लोगों के लिए बागेश्वर धाम में कोई स्थान नहीं है । उल्लेखनीय है कि महाराज श्री ने अपनी दिनचर्या शुरू करते हुए सुबह 6 बजे स्नान, ध्यान करने के बाद गांव की देवी के दर्शन किये और उनकी पूजा अर्चना की। इसके बाद धाम में स्थापित 64 योगिनी के 64 खप्परों के दर्शन किए। गढ़ा निवासियों ने 64 खप्पर स्थापित किए हैं। महाराज जी की माता श्री पूरे परिवार के साथ शतचंडी यज्ञ में शामिल हुई और सबके मंगल की कामना करते हुए आहुतियां दी। शनिवार रात छत्तीसगढ़ के मंत्री केदार कश्यप अपने परिवार के साथ बालाजी के दर्शन करने आए। उन्होंने महाराज जी का भी आशीर्वाद प्राप्त किया। ज्ञात हो कि मंत्री श्री कश्यप पूर्व में भी बालाजी की कृपा पाने धाम आ चुके हैं।
भक्त ध्रुव जैसे पुत्र के लिए सुनीति जैसी मां हो: पं. संजय कृष्ण सलिल
बागेश्वर धाम में श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करा रहे श्री धाम वृंदावन से आए कथा व्यास पं. संजय कृष्ण सलिल ने भक्त ध्रुव की कथा श्रवण कराई। कथा व्यास ने कहा कि जब भक्त ध्रुव को उसकी दूसरी मां सुरुचि ने राजा उत्तानपाद की गोद में बैठने से मन कर दिया तो ध्रुव की मां सुनीति ने कहा कि नारायण की आराधना करने से उसे पिता की गोद ही नहीं बल्कि परमात्मा की गोद मिलेगी। सुनीत जैसी मां की सीख लेकर भक्त ध्रुव परमात्मा की उपासना के लिए निकल गए। 6 माह के तप में भक्त ध्रुव ने परमात्मा की चाह में अपनी सांस रोक ली। नारद जी जैसे गुरु के मार्गदर्शन में कठिन तप कर भक्त ध्रुव ने परमात्मा की गोद प्राप्त कर ली। कथा व्यास ने कहा कि जो रुचि नहीं नीति पर चलते हैं उन्हें ईश्वर की कृपा मिलती है।

Nitendra Jha
Author: Nitendra Jha

Leave a Comment