(नितेन्द्र झां)
#महोबा।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 की आज जिले में औपचारिक और सशक्त शुरुआत हो गई। शासन के निर्देशों के तहत 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य सड़क हादसों पर लगाम कसना और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम के तहत आज 01 जनवरी 2026 को जिला मुख्यालय महोबा में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली को जिला अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । रैली के माध्यम से आम नागरिकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने और ट्रैफिक नियमों के पालन का स्पष्ट संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस, नगर पालिका, व्यापार मंडल, बस एवं ट्रक ऑपरेटर्स यूनियन सहित कई विभागों और संगठनों की प्रभावशाली उपस्थिति रही। अधिकारियों ने दो टूक कहा कि “सड़क दुर्घटनाएं किस्मत नहीं, लापरवाही का नतीजा होती हैं”—और इसे रोकना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में प्रवर्तन शाखा के समस्त कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी प्रतिनिधि तथा स्थानीय समाचार पत्रों और चैनलों के पत्रकार भी मौजूद रहे, जिससे संदेश जिले के हर कोने तक पहुँच सके।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ नियमों का सख़्त प्रवर्तन भी किया जाएगा। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई होगी, वहीं सही तरीके से वाहन चलाने वालों को प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इस पूरे माह चलने वाले अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जन-आंदोलन बनाएं, ताकि कीमती जिंदगियाँ सड़क पर यूँ ही न खत्म हों।









