कुरारा, हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर कुरारा कस्बा सहित पूरे क्षेत्र के शिवालयों में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से समूचा क्षेत्र गुंजायमान रहा। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही, जो देर रात तक अनवरत जारी रही।
शंकरपुर में कांवरियों ने किया जलाभिषेक
क्षेत्र के शंकरपुर स्थित शिव मंदिर में भक्तों ने श्रद्धापूर्वक कांवर चढ़ाई। दूर-दराज से आए शिव भक्तों ने पवित्र नदियों से जल लाकर भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद नजर आया।
बेरी के कोटेश्वर धाम से निकली भव्य शिव बारात
ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व वाले बेरी के कोटेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर बाद मंदिर प्रांगण से भव्य शिव बारात निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। बारात में भूत-पिशाचों और देवी-देवताओं के स्वरूप धरे कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर भक्त झूमते नजर आए। मान्यता है कि बेरी रियासत की महारानी को आए स्वप्न के बाद इस पाताली शिवलिंग के भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया था।
मुख्य बाजार में आर्केस्ट्रा और रात्रि जागरण
कुरारा मुख्य बाजार स्थित शिव मंदिर में शिव मंदिर सेवा समिति द्वारा भव्य आयोजन किया गया। यहाँ रात्रि जागरण के लिए विशेष रूप से आर्केस्ट्रा पार्टी बुलाई गई। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भक्ति भजनों ने समां बांध दिया, जिस पर श्रद्धालु झूमते रहे। इसी क्रम में निन्नी घाट मंदिर में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

पालीवाल मोहल्ले में गूंजा महामंत्र
नगर के पालीवाल मोहल्ला स्थित शिव परिवार विराजमान मंदिर में भक्ति का एक अलग ही रूप देखने को मिला। यहाँ दोपहर से लेकर शाम तक “श्री राम जय राम जय जय राम” विजय महामंत्र का अखंड जाप किया गया। IKV News के प्रधान संपादक सुशील कुमार ने अपने परिवार सहित इस अनुष्ठान में भाग लिया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
महाशिवरात्रि के मद्देनजर उपजिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन ने सभी प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। भारी भीड़ को देखते हुए बेरी और कुरारा के मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया।







