#महोबा। सदर कोतवाली क्षेत्र के चरखारी मार्ग पर प्रेमनगर और करहरा गांव के बीच शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रोडवेज बस और अज्ञात वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने घटनास्थल पर पहुंच कर मुआयना किया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।








