हमीरपुर में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता, यूरिया और डीएपी की नई खेप जल्द पहुंचेगी

SHARE:

निजी एवं सहकारी केंद्रों पर 7,254 मीट्रिक टन यूरिया और 6,521 मीट्रिक टन फॉस्फेटिक उर्वरक उपलब्ध, किसानों से जरूरत के अनुसार खाद खरीदने की अपील

हमीरपुर। जनपद में रबी फसलों की बुवाई को देखते हुए कृषि विभाग ने उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता का दावा किया है। विभाग के अनुसार, जिले के निजी एवं सहकारी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर वर्तमान में 7,254 मीट्रिक टन यूरिया और 6,521 मीट्रिक टन फॉस्फेटिक उर्वरक उपलब्ध हैं। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरि शंकर ने बताया कि जनपद में उर्वरकों की आपूर्ति निरंतर जारी है। एचयूआरएल की 600 मीट्रिक टन डीएपी की खेप उरई रैक प्वाइंट पर पहुंचने की संभावना है। वहीं, कृभको की 2,000 मीट्रिक टन तथा इफको की 1,300 मीट्रिक टन यूरिया की खेप महोबा रैक प्वाइंट पर आने की उम्मीद है। इन खेपों के प्राप्त होते ही संबंधित उर्वरकों को बिक्री केंद्रों तक पहुंचाकर वितरण कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 780 मीट्रिक टन इफको डीएपी और 600 मीट्रिक टन इफको एनपीकेएस उर्वरक पीसीएफ केंद्रों, क्रय-विक्रय केंद्रों तथा एग्री जंक्शन केंद्रों पर भेजे जा चुके हैं। इनका वितरण तेजी से कराया जा रहा है, ताकि किसानों को बुवाई के समय खाद के लिए परेशान न होना पड़े।

रबी अभियान में अब तक 10,667 मीट्रिक टन फॉस्फेटिक उर्वरक और यूरिया का वितरण

कृषि विभाग के अनुसार, रबी अभियान वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद में अब तक 4,985 मीट्रिक टन यूरिया तथा 5,682 मीट्रिक टन फॉस्फेटिक उर्वरकों का वितरण किया जा चुका है। आगामी माह में गेहूं की बुवाई के लिए भी शासन स्तर से उर्वरक का आवंटन हो चुका है। विभाग का कहना है कि आगे भी मांग के अनुरूप आपूर्ति जारी रहेगी।

उर्वरक वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कृषि एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी संयुक्त रूप से निगरानी कर रहे हैं। इसका उद्देश्य किसानों को उनकी फसलों की आवश्यकता के अनुसार समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना है।

इफको डीएपी के अलावा अन्य कंपनियों के उर्वरक भी विकल्प

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि इफको डीएपी की अधिक मांग को देखते हुए इसकी अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे इफको के अलावा कृभको, उत्तम, आईपीएल और मोजेक जैसी कंपनियों की डीएपी भी खरीद सकते हैं। उनके अनुसार, इन कंपनियों के संबंधित प्रमाणित डीएपी उत्पादों में निर्धारित पोषक तत्व उपलब्ध हैं। इसलिए किसान केवल किसी एक कंपनी के उर्वरक पर निर्भर न रहें और उपलब्ध विकल्पों का लाभ उठाएं।

किसानों से अनावश्यक भंडारण नहीं करने की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे दलहन, तिलहन और अन्य रबी फसलों की जरूरत के अनुसार ही उर्वरक खरीदें। अनावश्यक रूप से खाद का भंडारण करने से बचें और कमी की आशंका में जरूरत से ज्यादा खरीदारी न करें।

विभाग के अनुसार, जनपद के निजी एवं सहकारी बिक्री केंद्रों के माध्यम से किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के प्रयास जारी रहेंगे। किसानों से भी अपील की गई है कि वे उपलब्धता को लेकर भ्रमित न हों तथा अधिकृत बिक्री केंद्रों से ही उर्वरक प्राप्त करें।

IKV News
Author: IKV News