जनपद में 13,290 मीट्रिक टन यूरिया और 3,275 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध, चार-पांच दिनों में पहुंचेगी 1,150 मीट्रिक टन डीएपी की अतिरिक्त रैक
निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली या कालाबाजारी पर कंट्रोल रूम में करें शिकायत, डीएम ने अधिकारियों को दिए निगरानी के निर्देश
हमीरपुर। रबी फसलों की बुवाई एवं कृषि कार्यों के दृष्टिगत जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने पर्याप्त स्टॉक होने का दावा किया है। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि जनपद के सहकारी एवं निजी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर यूरिया, डीएपी और एनपीके पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार निर्धारित दरों पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
जिलाधिकारी के अनुसार, वर्तमान में जनपद में कुल 13,290 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। इसमें सहकारी क्षेत्र में 4,447 मीट्रिक टन तथा निजी क्षेत्र में 8,843 मीट्रिक टन यूरिया का स्टॉक है। इसी प्रकार डीएपी की कुल उपलब्धता 3,275 मीट्रिक टन है, जिसमें सहकारी क्षेत्र में 450 मीट्रिक टन और निजी क्षेत्र में 2,825 मीट्रिक टन शामिल है।
वहीं, एनपीके 20:20:0:13 की कुल 1,578 मीट्रिक टन उपलब्धता है। इसमें सहकारी क्षेत्र में 403 मीट्रिक टन तथा निजी क्षेत्र में 1,175 मीट्रिक टन खाद मौजूद है।
निर्धारित दरों पर ही खरीदें उर्वरक
जिलाधिकारी ने बताया कि किसानों के लिए उर्वरकों की बिक्री दरें निर्धारित की गई हैं। यूरिया की एक बोरी 266.50 रुपये, डीएपी की एक बोरी 1,350 रुपये तथा एनपीके 20:20:0:13 की एक बोरी 1,900 रुपये में उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहकारी एवं निजी क्षेत्र में उपलब्ध उर्वरकों की गुणवत्ता और निर्धारित बिक्री दरों में कोई अंतर नहीं है। किसान अपनी सुविधानुसार किसी भी सहकारी अथवा निजी बिक्री केंद्र से खाद खरीद सकते हैं।
चार-पांच दिनों में पहुंचेगी अतिरिक्त डीएपी की रैक
जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी चार से पांच दिनों में महोबा रैक प्वाइंट से जनपद को 1,150 मीट्रिक टन डीएपी तथा 250 मीट्रिक टन एनपीके (इफको ब्रांड) की अतिरिक्त रैक प्राप्त होने की संभावना है। इससे जनपद में फॉस्फेटिक उर्वरकों की उपलब्धता और मजबूत होगी। किसानों की आवश्यकता के अनुसार यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की आपूर्ति लगातार बनाए रखने की व्यवस्था की जा रही है।
कालाबाजारी या अधिक वसूली पर यहां करें शिकायत
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे खाद की उपलब्धता को लेकर अनावश्यक परेशान न हों और अपनी आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरकों की खरीदारी करें। यदि किसी बिक्री केंद्र पर निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली, कालाबाजारी अथवा खाद वितरण में अनियमितता की शिकायत मिलती है तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
शिकायत के लिए जिलाधिकारी कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05282-222330 तथा जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के दूरभाष नंबर 05282-298392 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता, बिक्री और वितरण व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखी जाए। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी बिक्री केंद्रों पर निर्धारित दरों पर सुगमतापूर्वक खाद उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।







