सायरन बजते ही छाया अंधेरा, हमीरपुर में हवाई हमले का सजीव अभ्यास; पुलिस से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक अलर्ट

SHARE:

स्पोर्ट्स स्टेडियम में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल के जरिए परखी गई आपातकालीन तैयारियां, घायलों को निकालने से लेकर आग बुझाने और राहत शिविर तक का किया गया प्रदर्शन

हमीरपुर। संभावित हवाई हमले और किसी भी बड़ी आपात स्थिति से निपटने के लिए रविवार को हमीरपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिलाधिकारी अशोक कुमार के निर्देशन में हुए इस पूर्वाभ्यास में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास किया। इस दौरान विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता को परखा गया।

मॉक ड्रिल के तहत शाम छह बजे हवाई हमले की चेतावनी के प्रतीक स्वरूप दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया गया। सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्र में ब्लैक आउट करते हुए विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। चेतावनी मिलते ही पुलिस, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें एंबुलेंस एवं आवश्यक संसाधनों के साथ तत्काल सक्रिय हो गईं और घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए।


पूर्वाभ्यास के दौरान क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, आग पर काबू पाने तथा घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का प्रदर्शन किया गया। वहीं, आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को आश्रय देने के लिए नगर पालिका की ओर से रैन बसेरे में अस्थायी राहत शिविर की व्यवस्था भी प्रदर्शित की गई। ड्रिल के समापन पर खतरा टलने का संकेत देने के लिए दो मिनट तक एक समान आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया गया।

इस महत्वपूर्ण अभ्यास में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा राकेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर यशपाल सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी रेहान अली तथा जिला आपदा विशेषज्ञ प्रियेश रंजन मालवीय की सक्रिय भूमिका रही। स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, पुलिस, अग्निशमन विभाग, आपदा मित्रों और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार ने मॉक ड्रिल के दौरान आमजन द्वारा बनाए रखे गए धैर्य, शांति और सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पूर्वाभ्यास से आपात परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तैयारियों का वास्तविक आकलन करने, संभावित कमियों को पहचानने और राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।

उन्होंने नागरिकों से आपदा संबंधी दिशा-निर्देशों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं