#महोबा जिलाधिकारी श्रीमती गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) ने बताया कि 6 अप्रैल से चल रहे अभियान के तहत 9 अप्रैल तक पीएम किसान सम्मान निधि के 2646 तथा गैर सम्मान निधि के 903 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की जा चुकी है, जबकि अभी भी 36,623 किसान शेष हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी उप जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी 11 अप्रैल तक अपात्र किसानों को चिन्हित कर उनकी सूची उप कृषि निदेशक को उपलब्ध कराएं, ताकि उनका डाटा हटाया जा सके। साथ ही किसानों के नामों में हो रही त्रुटियों को शीघ्र सुधार कर रजिस्ट्री कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि पीएम किसान योजना में पंजीकृत मृतक किसानों के मृत्यु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड संबंधित तहसीलदारों को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन्हें पोर्टल पर मृत घोषित कर हटाया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को 30 अप्रैल 2026 तक शेष किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) को इसकी दैनिक समीक्षा करने के लिए कहा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी कुंवर पंकज, मोईनुल इस्लाम, सुखबीर सिंह, उप कृषि निदेशक रामसजीवन सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







