प्लास्टिक मुक्त भारत की ओर कदम: हमीरपुर में ‘चक्रम’ अभियान से जागरूकता की अलख

SHARE:

हमीरपुर। प्लास्टिक प्रदूषण मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में हमीरपुर में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। टीम अर्थकेयर द्वारा संचालित ‘चक्रम’ जन-जागरूकता कार्यक्रम के तहत आर्य समाज मंदिर विद्यालय परिसर से जागरूकता अभियान की विधिवत शुरुआत की गई।

कार्यक्रम के दौरान अर्थकेयर इन्फ्लुएंसर विकास निगम ने विद्यार्थियों को प्लास्टिक प्रदूषण के गंभीर दुष्प्रभावों से अवगत कराया और इसके प्रभावी समाधान भी बताए। उन्होंने बच्चों को बताया कि प्लास्टिक का अंधाधुंध उपयोग पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए घातक है, इसलिए इसके जिम्मेदार उपयोग और पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कांत मिश्रा एवं समस्त शिक्षकों ने इस अभियान का समर्थन करते हुए मानव श्रृंखला में शामिल होने और प्रतिदिन 5 मिनट जागरूकता के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विद्यालय परिसर में सांकेतिक मानव श्रृंखला बनाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया।

प्रधानाचार्य श्री मिश्रा ने अपने संबोधन में बताया कि 32 माइक्रोन से कम मोटाई वाली पॉलिथीन थैलियां स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक होती हैं, जिनसे विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बच्चों को पॉलिथीन के उपयोग से बचने और वैकल्पिक साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में संस्था के व्यवस्थापक श्री राम बिहारी शुक्ला की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। वहीं, प्रदर्शनी प्रभारी अखिलेश, कनक और विशाखा द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

अंत में विकास निगम ने कहा कि आज के समय में प्लास्टिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है, इसलिए इसका पूर्ण बहिष्कार संभव नहीं है। ऐसे में जरूरी है कि हम प्लास्टिक के सही प्रबंधन और रीसाइक्लिंग को अपनाएं। उन्होंने सुझाव दिया कि उपयोग के बाद रीसाइक्लेबल प्लास्टिक को कबाड़ी को निःशुल्क देकर उसके पुनः उपयोग को बढ़ावा दिया जा सकता है, जिससे प्रदूषण को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

यह अभियान न केवल बच्चों में जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बना, बल्कि समाज को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दे गया।

IKV News
Author: IKV News

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं