मेगा विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, किसानों को ट्रैक्टर की चाबियां और मत्स्य पालकों को आइस बॉक्स सहित टीवीएस विक्की वितरित
जनपद न्यायाधीश राम प्यारे ने किया शिविर का शुभारंभ, विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण कर पात्र लाभार्थियों को किया गया लाभान्वित
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर द्वारा रविवार, 01 नवंबर 2026 को चौरा देवी प्रांगण में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के साथ-साथ आमजन को उनके विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राम प्यारे ने फीता काटकर किया। इसके उपरांत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस दौरान एक बच्ची द्वारा प्रस्तुत मनमोहक गणेश वंदना ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
विभिन्न विभागों के स्टालों का किया निरीक्षण
शिविर में जनपद न्यायाधीश श्री राम प्यारे ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से विभागीय योजनाओं एवं पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की।

पुलिस, कारागार, सूचना, पशुपालन, खेल, कृषि, नेडा, डूडा, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण तथा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए। इनके माध्यम से आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
दिव्यांगजनों, किसानों और मत्स्य पालकों को मिली सौगात
शिविर के दौरान दिव्यांगजनों को आवागमन की सुविधा के लिए ट्राईसाइकिल वितरित की गईं। वहीं, दो किसानों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपी गईं। मत्स्य विभाग द्वारा मत्स्य पालकों को आइस बॉक्स सहित टीवीएस विक्की प्रदान की गईं। चिकित्सा विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।

इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा पेंशन, आर्थिक सहायता एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचे जरूरतमंद लोगों को एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ।
कमजोर एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी
कार्यक्रम में सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना अग्रवाल ने प्राधिकरण की भूमिका, निःशुल्क विधिक सहायता तथा आमजन को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के महत्व पर प्रकाश डाला।

जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राम प्यारे ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से प्रत्येक जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना प्राथमिकता है। प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी न्याय एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने अधिकारों एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े प्रशासनिक न्यायमूर्ति
इलाहाबाद उच्च न्यायालय, प्रयागराज के प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री प्रमोद कुमार श्रीवास्तव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन द्वारा शिविर के सफल आयोजन के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की तथा संबंधित अधिकारियों एवं आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। अपरिहार्य कारणों से व्यक्तिगत रूप से उपस्थित न हो पाने पर उन्होंने खेद भी व्यक्त किया।
एक ही परिसर में मिलीं अनेक सुविधाएं
शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। विभिन्न विभागों द्वारा एक ही परिसर में स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराए जाने से ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों से आए लोगों को विशेष सुविधा मिली।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री मृगांक शेखर पाठक, मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी श्री सतीश कुमार सहित समस्त न्यायिक अधिकारीगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।







