कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक एवं किसान ड्रोन के लिए होगा चयन, कल्पवृक्ष सभागार कुछेछा में दोपहर 12 बजे से शुरू होगी प्रक्रिया
हमीरपुर। कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के अंतर्गत कृषि यंत्रों एवं अन्य कृषि उपकरणों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए आवेदन करने वाले किसानों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यूज योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों का चयन 03 नवंबर को ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
उप कृषि निदेशक हमीरपुर डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि उक्त योजनाओं के अंतर्गत कृषि यंत्रों, कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक एवं किसान ड्रोन पर अनुदान प्रदान करने के लिए विभागीय पोर्टल के माध्यम से 02 एवं 03 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन बुकिंग की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अनुदान के लिए आवेदन करने वाले किसानों का चयन विभागीय पोर्टल पर ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। चयन प्रक्रिया 03 नवंबर 2026 को अपराह्न 12 बजे कल्पवृक्ष सभागार, कुछेछा, हमीरपुर में जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष आयोजित होगी।
डॉ. प्रमोद कुमार ने संबंधित अधिकारियों एवं जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति के सभी सदस्यों से निर्धारित तिथि एवं समय पर कार्यक्रम में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के अनुमोदन के उपरांत ई-लॉटरी के माध्यम से पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य किसानों को कृषि यंत्रीकरण योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा कृषि कार्यों में आधुनिक तकनीक एवं यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देना है।







