ड्रोन सर्वे से निगरानी, लाखों का बजट और सफाई के दावे—फिर भी नहरों में गंदगी का अंबार! खन्ना क्षेत्र में सिंचाई विभाग के दावों की जमीनी हकीकत सवालों के घेरे में।
नितेन्द्र झां
#महोबा। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति का दावा करती है, लेकिन महोबा के सिंचाई विभाग में नहर सफाई के नाम पर सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। खन्ना क्षेत्र में नहरों की बदहाल स्थिति देखकर सफाई के दावों और धरातल के काम के बीच बड़ा अंतर नजर आ रहा है।
हैरानी की बात यह है कि नहर सफाई कार्यों की निगरानी के लिए हाईटेक ड्रोन सर्वे और लाखों रुपये के बजट की व्यवस्था होने के बावजूद नहरों में गंदगी, झाड़ियां और सिल्ट जमा है। आखिर ड्रोन से किसकी निगरानी हुई और सफाई का काम किस स्तर पर कराया गया? यदि नहरों की सफाई पूरी हुई तो फिर धरातल पर गंदगी क्यों दिखाई दे रही है?
क्या ड्रोन सर्वे सिर्फ कागजी खानापूर्ति बनकर रह गया? क्या सफाई के नाम पर सरकारी धन खर्च दिखाकर जिम्मेदारों और ठेकेदारों ने अपनी जेबें भर लीं?
खन्ना क्षेत्र की नहरें विभागीय दावों की पोल खोल रही हैं। अब सवाल है कि सिंचाई विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करेंगे या कागजी रिपोर्टों के सहारे ही सफाई कार्य को सफल घोषित कर दिया जाएगा?








