प्रशासनिक एवं पुलिस के अधिकारियों ने धाम समिति के साथ की बैठक
कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, सभी व्यवस्थाओं पर हुई बिंदुवार चर्चा
#महोबा। करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र बागेश्वर धाम में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सप्तम कन्या विवाह महा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। 10 दिवसीय इस महोत्सव का शंखनाद शुक्रवार से हो रहा है। गुरुवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बागेश्वर धाम जन सेवा समिति के सदस्यों व पदाधिकारी की समन्वय बैठक हुई बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विधिवत चर्चा हुई। लाखों लोगों के धाम में आने से लेकर उनके सुरक्षित यहां से निकलने, भोजन, यातायात, सुरक्षा जैसे बिंदुओं पर जानकारी का आदान-प्रदान किया गया। समिति के सदस्यों ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आयोजन स्थल का निरीक्षण कराया।
आयोजन प्रभारी धीरेंद्र गौर ने बताया कि इस बार 300 बेटियों के विवाह होने जा रहे हैं। एडीएम मिलिंद नागदेवे और एएसपी आदित्य पटले के साथ अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजन को लेकर बैठक हुई। बैठक के माध्यम से सभी पहलुओं पर चर्चा की गई। बागेश्वर धाम आने वाले लोग सभी कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता देने के साथ पुण्य लाभ अर्जित कर सकुशल वापस घर निकल सकें यह सबसे महत्वपूर्ण है। समिति की ओर से आयोजन को गरिमापूर्ण बनाने के पूरे प्रबंध किए गए हैं। एडीएम श्री नागदेवे ने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह चौकन्ने रहकर व्यवस्थाएं संभालें, हर परिस्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहे। आने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। बैठक में समिति की ओर से निशांत नायक, लोकेश गर्ग के अलावा एसडीएम प्रशांत अग्रवाल, तहसीलदार श्री गौतम, एसडीओपी खजुराहो मनमोहन सिंह बघेल, खजुराहो सीएमओ बसंत चतुर्वेदी, सीएमएचओ डॉ. आरपी गुप्ता सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, विद्युत विभाग, एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।
यातायात और सुरक्षा पर रहेगी पुलिस की नजर
एएसपी आदित्य पटले ने बताया कि बागेश्वर धाम में 300 बेटियों के कन्या विवाह के अवसर पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, पार्किंग आने-जाने के मार्ग, सुरक्षा आदि बिंदुओं पर समिति के साथ बैठक कर चर्चा की गई है। जाम की स्थिति न हो इसलिए ट्रैफिक का प्लान निर्धारित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले का पर्याप्त पुलिस बल व्यवस्था में लगाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि आवश्यकता अनुसार बाहर से पुलिस बल बुलाया जाएगा।
आज से एक सप्ताह तक बहेगी श्रीमद् भागवत कथा की रसधारा
बागेश्वर धाम में 6 फरवरी से 12 फरवरी तक श्रीमद् भागवत महापुराण का संगीतमय आयोजन हो रहा है। सप्तम कन्या विवाह महा महोत्सव के अवसर पर बागेश्वर धाम पीठाधीश पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मुखारविंद से धाम आने वाले लाखों भगवत प्रेमियों को कथा रसपान करने का अवसर मिलेगा। महाराज श्री श्रीमद् भागवत कथा श्रवण कराएंगे। यहां आने वाले लोगों को महोत्सव में कई फायदे मिलेंगे। जहां उन्हें एक ओर बालाजी के दर्शन मिलेंगे वहीं श्रीमद् भागवत महापुराण श्रवण करने का पावन अवसर मिलेगा। इतना ही नहीं निर्धन, गरीब, अनाथ बेटियों के विवाह में भागीदार बनने का भी अवसर प्राप्त होगा।





