महोबा/जिलाधिकारी श्री प्रभाष कुमार ने आज रहेलिया सूर्य मंदिर एवं उसके आसपास के परिक्षेत्र का निरीक्षण कर ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सूर्य मंदिर के प्राचीन स्थापत्य एवं ऐतिहासिक महत्व का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने रहेलिया सागर का निरीक्षण कर वहां की स्थिति एवं पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद द्वारा विकसित कराए गए सूर्य कुंड पार्क का भी निरीक्षण किया तथा पार्क में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने सूर्य मंदिर एवं इसके आसपास के समस्त परिक्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की संभावनाओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सूर्य मंदिर, रहेलिया सागर एवं सूर्य कुंड पार्क को सम्मिलित करते हुए एक समग्र पर्यटन विकास कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक विकास कार्यों, पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाओं, सौंदर्यीकरण एवं क्षेत्र के आकर्षक विकास से संबंधित प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि इस ऐतिहासिक धरोहर को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।
निरीक्षण के अवसर पर तहसीलदार महोबा, पर्यटन अधिकारी डॉ. चित्रगुप्त, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अवधेश कुमार, सीएंडडीएस के इंजीनियर शशांक शुक्ला, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के कर्मचारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








