12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हुई परीक्षा, प्रथम पाली में 3,558 और द्वितीय पाली में 3,564 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
हमीरपुर। जनपद हमीरपुर में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) दो पालियों में 12 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, सकुशल एवं निर्विघ्न ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री राकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा की शुचिता एवं सुचारू संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रशासनिक एवं मजिस्ट्रेट स्तर पर की गई निगरानी के परिणामस्वरूप परीक्षा दोनों पालियों में बिना किसी बाधा के संपन्न हुई।
उन्होंने बताया कि प्रथम पाली में कुल 5,136 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 3,558 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,578 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार प्रथम पाली में 69.27 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
इसी क्रम में द्वितीय पाली में भी 5,136 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3,564 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 1,572 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 69.39 प्रतिशत रही।
इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 7,122 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने से जनपद में परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।







