मेगा विधिक सहायता शिविर का आयोजन, 519 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ

SHARE:

जिला जज रोहित सिन्हा ने किया शुभारंभ, दिव्यांगों को ट्राई साइकिल और जरूरतमंदों को पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं से किया गया लाभान्वित

#महोबा/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर रविवार को महोबा के राजकीय वीरभूमि स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश रोहित सिन्हा ने फीता काटकर किया
शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक न्यायिक सहायता पहुंचाने के साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना रहा। इसमें दिव्यांगजनों, महिलाओं, बच्चों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सहित जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा चिह्नित दिव्यांगों को ट्राई साइकिल वितरित की गई। समाज कल्याण विभाग ने वृद्धावस्था पेंशन के प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए। वहीं जिला पंचायत राज विभाग ने 70, कौशल विकास विभाग ने 150, राष्ट्रीय आजीविका मिशन ने 40, अग्रणी बैंक प्रकोष्ठ ने 57 तथा नगर पंचायत कबरई ने 51 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया।
इसके अलावा उद्यान विभाग, मत्स्य विभाग, प्रोबेशन विभाग, यूपी नेडा, पिछड़ा वर्ग कल्याण, मंडी समिति, डाक विभाग, श्रम विभाग, जिला कार्यक्रम विभाग, जिला उद्योग विभाग, चिकित्सा, कृषि, शिक्षा, वन एवं पर्यावरण सहित विभिन्न विभागों द्वारा भी पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में विभागीय आंकड़ों के अनुसार कुल 519 लाभार्थियों तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों ने आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता अभियान, राष्ट्रीय लोक अदालत एवं नालसा द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण अंचलों तक न्यायिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। इस दौरान ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल के बच्चों ने स्वागत गीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अशोक कुमार यादव, अपर जिला जज ध्रुव राय, अपर जिला जज प्रथम तेन्द्र पाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नितिन कुमार राठी, सिविल जज सीनियर डिवीजन पूजा मौर्य, प्राधिकरण के सचिव हरिहर गुप्ता सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव हरिहर गुप्ता ने सभी न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया ।

Nitendra Jha
Author: Nitendra Jha

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं