जीजा-साले के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व हत्या का मुकदमा दर्ज, दूसरे आरोपी की तलाश जारी; डीआईजी ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया
हमीरपुर। जनपद के मुस्करा कस्बे में मासूम बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की हृदयविदारक घटना के बाद पुलिस एवं प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म एवं हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी हीरालाल को मुठभेड़ के दौरान दोनों पैरों में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका जीजा गोविंद परिवार सहित फरार है।
सोमवार को राठ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो चिकित्सकों के पैनल ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला कसने से मौत होने की पुष्टि हुई है। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए आवश्यक नमूने जांच हेतु भेजे गए हैं।
अंतिम संस्कार के बाद आरोपी के घर पर कार्रवाई
पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव मुस्करा कस्बे स्थित उसके घर पहुंचा। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मासूम का शव देखकर मां बेसुध हो गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त रहा। स्थिति को देखते हुए कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
कड़ी सुरक्षा के बीच बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर आरोपियों के घर पहुंची। वहां गोविंद के मकान के अगले हिस्से को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस टीम पर फायरिंग का भी मुकदमा
पुलिस के अनुसार, घटना की जांच के दौरान साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान मुख्य आरोपी हीरालाल ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस मामले में मुस्करा थाने के उपनिरीक्षक सुधीर कुमार चौरसिया की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला एवं शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना में शामिल दूसरे आरोपी गोविंद की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। वहीं राजस्व विभाग की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर खेत की जांच की है।
डीआईजी ने पीड़ित परिवार को दिया भरोसा
घटना के बाद डीआईजी राजेश एस ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हर स्तर पर कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, एसडीएम मौदहा करनवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी राठ राजीव कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
मासूम के साथ हुई इस जघन्य वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की विवेचना में जुटी हुई है।







