वित्तीय वर्ष 2025-26 में 9,308 नए लाभार्थी योजना से जुड़े, डीबीटी के माध्यम से बैंक खातों में पहुंच रही पेंशन राशि
हमीरपुर। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वृद्धावस्था पेंशन योजना जनपद के बुजुर्गों के लिए आर्थिक संबल का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद हमीरपुर के कुल 50,586 वृद्धजनों को पेंशन का लाभ प्रदान किया गया। वहीं, पात्र बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने के लिए किए गए प्रयासों के तहत 9,308 नए लाभार्थियों के आवेदन स्वीकृत किए गए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन योजना के माध्यम से पात्र बुजुर्गों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इससे जनपद में योजना का दायरा बढ़ा है और अधिक जरूरतमंद वृद्धजनों को इसका लाभ मिल रहा है।
डीबीटी से सीधे बैंक खातों में पहुंच रही पेंशन
योजना के अंतर्गत पेंशन की धनराशि आधार से जुड़े बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे अंतरित की जाती है। इससे पेंशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है तथा बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने में मदद मिली है।
नियमित आर्थिक सहायता मिलने से बुजुर्ग अपनी दवाइयों, दैनिक आवश्यकताओं एवं अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने में सक्षम हो रहे हैं। इससे उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और दूसरों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिल रही है।
पात्र बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने पर जोर
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक पात्र बुजुर्ग को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में पेंशन भेजकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजना का लाभ बिना किसी बाधा के जरूरतमंदों तक पहुंचे और वृद्धजन सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकें।







