कुरारा में मानवता और जीवों के प्रति संवेदना की दिखी मिसाल, बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद; बंदर की आत्मा की शांति के लिए कन्या भोज कराने का लिया निर्णय
कुरारा (हमीरपुर)। कस्बा कुरारा में रविवार सुबह पावर हाउस परिसर के पास हाई वोल्टेज विद्युत तार की चपेट में आने से एक बंदर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद सामने स्थित कांशीराम कॉलोनी के निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बंदर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन विद्युत करंट का प्रभाव इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बंदर के सिर और कूल्हे पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसमें सिर पर सबसे अधिक चोट बताई गई।

घटना की जानकारी स्थानीय निवासियों ने फोन के माध्यम से विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के प्रखंड मंत्री सुशील कुमार को दी। सूचना मिलते ही विहिप प्रखंड मंत्री सुशील कुमार एवं अध्यक्ष अमित सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से मृत बंदर के अंतिम संस्कार की तैयारी की गई।
सभी ने मिलकर कुरारा स्थित भगत तालाब मंदिर के समीप मौन बागान मैदान में गड्ढा खोदकर बंदर का विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। बच्चों ने भी अंतिम संस्कार में सहभागिता निभाई। सभी ने नम आंखों से बंदर को भावभीनी विदाई दी।


इस अवसर पर मीडिया से जुड़े अभिनव तिवारी ने कहा कि सनातन धर्म की यही विशेषता है कि हम सभी प्राणी मात्र के कल्याण और उनके प्रति करुणा का भाव रखते हैं। प्रत्येक जीव के प्रति संवेदना और सम्मान रखना हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
वहीं, कांशीराम कॉलोनी के निवासियों ने आपसी विचार-विमर्श के बाद बंदर की आत्मा की शांति के लिए कॉलोनी में कन्या भोज आयोजित कर प्रार्थना करने का निर्णय लिया। इस दौरान रामलखन द्विवेदी सहित अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
घटना ने जहां एक ओर लोगों को भावुक कर दिया, वहीं बेजुबान जीव के प्रति स्थानीय लोगों की संवेदनशीलता और सामूहिक सहभागिता ने मानवता एवं जीव दया का संदेश भी दिया।







