दसरापुर नहर नंबर-1 की तस्वीरें खोल रहीं सफाई के दावों की पोल! टेल तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था पर सवाल

SHARE:

 

नहर में झाड़ियां, उथला प्रवाह और बदहाल किनारे; किसानों की सिंचाई व्यवस्था को लेकर उठी जांच की मांग

#महोबा // सिंचाई विभाग की नहरों की सफाई और रखरखाव को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। अब दसरापुर नहर नंबर-1 (टेल फीड) की सामने आई तस्वीरें विभागीय कार्यों की गुणवत्ता और सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। नहर के किनारों पर उगी झाड़ियां, जमा वनस्पति और संकरे जलप्रवाह को देखकर नहर की सफाई एवं रखरखाव की स्थिति की जांच जरूरी नजर आती है।
तस्वीरों में नहर के दोनों किनारों पर बड़ी मात्रा में घास-झाड़ियां और वनस्पति दिखाई दे रही हैं। कई स्थानों पर नहर का जलप्रवाह भी संकरा नजर आ रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि नहर की सफाई कराई गई है, तो मौके पर उसकी गुणवत्ता की जांच किसने की और सफाई के बाद नहर की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कैसे हुआ?
नहर के अंतिम छोर यानी टेल तक पानी पहुंचाना सिंचाई व्यवस्था का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। यदि नहर में सिल्ट, झाड़ियां, अवरोध या पर्याप्त गहराई की कमी हो, तो पानी के प्रवाह पर असर पड़ सकता है और अंतिम छोर तक सिंचाई का पानी पहुंचने में परेशानी हो सकती है।
दसरापुर नहर नंबर-1 की तस्वीरों में दिखाई दे रही स्थिति को देखते हुए नहर की वास्तविक गहराई, चौड़ाई, सफाई और जलप्रवाह क्षमता की तकनीकी जांच कराए जाने की आवश्यकता है।
जिले में नहरों की सफाई और पानी के टेल तक न पहुंचने की समस्या पहले भी सामने आती रही है। हाल ही में जिले के किसानों ने नहरों में सिल्ट और झाड़ियों के कारण सिंचाई प्रभावित होने की शिकायतें उठाई थीं। ऐसे में दसरापुर नहर नंबर-1 की स्थिति भी विभागीय दावों के सत्यापन का विषय बनती है।

#nj

Nitendra Jha
Author: Nitendra Jha

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं