पेंशनरों को बड़ी राहत: अब स्मार्टफोन से घर बैठे बना सकेंगे डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र

SHARE:

कोषागार या बैंक जाने की जरूरत नहीं, वर्ष में एक बार जमा करना होगा जीवन प्रमाण-पत्र; ऑनलाइन प्रक्रिया से पेंशनरों को मिलेगी सुविधा

हमीरपुर। जनपद के समस्त पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनर अब अपने स्मार्टफोन के माध्यम से घर बैठे ही डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बना सकेंगे। इसके लिए उन्हें कोषागार अथवा बैंक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। वरिष्ठ कोषाधिकारी अंकिता सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजना के तहत शासनादेश संख्या 394/पी०एस०एम०एस०, दिनांक 14 अक्टूबर 2026 के क्रम में यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि पेंशनरों को जीवन प्रमाण-पत्र वर्ष में केवल एक बार जमा करना होता है। डिजिटल सुविधा के माध्यम से पेंशनर घर बैठे ही यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।

वेबसाइट या मोबाइल एप से कर सकेंगे आवेदन

डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने के लिए पेंशनर Jeevan Pramaan की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अथवा प्ले स्टोर से AadhaarFace RD Service मोबाइल एप इंस्टॉल कर सकते हैं। इसके बाद आधार संख्या, मोबाइल नंबर, नाम, कोषागार कोड-2500, पीपीओ संख्या, बैंक खाता संख्या एवं बैंक का आईएफएससी कोड सहित आवश्यक विवरण भरना होगा।

इसके बाद बायोमेट्रिक अथवा फेस आईडी प्रक्रिया पूरी करके डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जनरेट किया जा सकता है। प्रमाण-पत्र जनरेट होने के बाद उसे ऑनलाइन अपने संबंधित कोषागार में प्रेषित करना होगा।

डाकघर और जनसेवा केंद्र से भी मिलेगी सहायता

वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि जो पेंशनर स्वयं डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने में असमर्थ हैं, वे अपनी सुविधानुसार निकटस्थ डाकघर, जनसेवा केंद्र अथवा साइबर कैफे की सहायता से भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

उन्होंने जनपद के सभी पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों से अपील की कि वे इस सुविधा का लाभ उठाकर समय से अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करें। इससे उन्हें कोषागार अथवा बैंक के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और घर बैठे ही जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं