घरेलू विवाद के बाद तालाब में कूद गया था 35 वर्षीय युवक, कांस्टेबल लवकुश पटेल और जितेन्द्र सिंह ने जान जोखिम में डालकर चलाया रेस्क्यू अभियान
IKV NEWS | हमीरपुर/कुरारा। थाना कुरारा पुलिस की तत्परता और साहसिक प्रयास से तालाब में डूब रहे एक युवक की जान बचा ली गई। पुलिस के दो जवानों ने बिना समय गंवाए गहरे पानी में उतरकर युवक को सकुशल बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुरारा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत सामान्य बताई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 06 नवंबर 2026 की रात करीब 9:28 बजे पीआरवी के माध्यम से थाना कुरारा पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के एक तालाब में युवक डूब रहा है। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम और थाना कुरारा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां जानकारी हुई कि अरविन्द पुत्र लाखन, उम्र करीब 35 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 03, कस्बा एवं थाना कुरारा, घरेलू विवाद के चलते तालाब में कूद गया था और गहरे पानी में डूब रहा था।
युवक की जिंदगी बचाने के लिए पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस दौरान कांस्टेबल लवकुश पटेल और कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए रिम एवं रस्से की सहायता से गहरे तालाब में प्रवेश किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों जवान तालाब के बीच गहरे पानी में डूब रहे अरविन्द तक पहुंचे और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद पुलिस टीम ने तत्काल युवक को सीएचसी कुरारा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई। इसके बाद युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस सराहनीय कार्य में थानाध्यक्ष कुरारा उपनिरीक्षक प्रिंस दीक्षित के नेतृत्व में कांस्टेबल लवकुश पटेल और कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिसकर्मियों की तत्परता और साहसिक कार्य से एक परिवार की खुशियां उजड़ने से बच गईं।
पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक प्रिंस दीक्षित, थानाध्यक्ष कुरारा
- कांस्टेबल लवकुश पटेल
- कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह







