प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद और सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने हवन-पूजन के साथ किया शिलान्यास, दिसंबर 2028 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
हमीरपुर। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने और विकास को नई गति देने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। विधानसभा हमीरपुर सदर के अंतर्गत कैथी-गड़रिया मार्ग पर चन्द्रावल नदी में 24 करोड़ 85 लाख 67 हजार रुपये की लागत से बनने वाले दीर्घ सेतु का विधिविधान से हवन-पूजन कर शिलान्यास किया गया। प्रभारी मंत्री श्रीरामकेश निषाद एवं सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने संयुक्त रूप से शिलान्यास कर परियोजना की शुरुआत की।


इस महत्वाकांक्षी परियोजना के साकार होने से क्षेत्र के लगभग 2 लाख 80 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से नदी पार करने और आसपास के गांवों तक पहुंचने में होने वाली दिक्कतों से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। पुल बनने के बाद कैथी-गड़रिया मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक हो सकेगा।
151 मीटर से अधिक लंबा होगा पुल
परियोजना के तहत चन्द्रावल नदी पर 151.130 मीटर लंबा दीर्घ सेतु बनाया जाएगा। इसकी संरचना 5×28.25 मीटर की होगी। इसके अतिरिक्त पुल के दोनों ओर 200-200 मीटर लंबे पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। वहीं कैथी की ओर 488 मीटर तथा गड़रिया की ओर 311 मीटर लंबे अतिरिक्त पहुंच मार्ग भी बनाए जाएंगे। परियोजना में आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य भी शामिल किए गए हैं।
इन गांवों के हजारों लोगों को मिलेगी राहत
सेतु निर्माण से गड़रिया, गौरी, बहोडरी, जसपुरा, सिकुआं, कुंडाडोल, पड़वनिया, सिकहुला, नजिता, इसौली, कैथी, केसवाही, परहटा, टोला, बैजमऊ, बेरी, गढ़हा, कुटी, बरहटा एवं सिरामपुर आवरा सहित आसपास के गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। चन्द्रावल नदी पर पुल बन जाने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन में बड़ी सहूलियत होगी। इससे क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
दिसंबर 2028 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
शासनादेश दिनांक 18 मार्च 2026 के तहत इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। शासन द्वारा निर्माण कार्य के लिए 8 करोड़ 69 लाख 98 हजार रुपये की धनराशि आवंटित की जा चुकी है। परियोजना को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड, हमीरपुर को सौंपी गई है। पुल निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के गांवों के बीच संपर्क मजबूत होगा और ग्रामीणों को वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।







