प्रत्येक विकास खण्ड प्रतिदिन निर्धारित मानव दिवस लक्ष्य अनिवार्य रूप से करे पूरा, लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई।
#महोबा / जिलाधिकारी प्रभाष कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मनरेगा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनरेगा योजना के अंतर्गत मानव दिवस सृजन की समीक्षा के दौरान वर्तमान वित्तीय वर्ष में गत वित्तीय वर्ष की अपेक्षा प्रगति काफी कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत असंतोषजनक बताया।
जिलाधिकारी ने उपायुक्त (श्रम-रोजगार), मनरेगा को निर्देशित किया कि मानव दिवस सृजन की प्रगति में तत्काल सुधार लाया जाए। साथ ही समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विकास खण्ड प्रतिदिन निर्धारित मानव दिवस सृजन का लक्ष्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत कराए जा रहे सभी कार्यों का निर्धारित एसओपी (SOP) के अनुसार सत्यापन कराया जाए तथा श्रमिकों की मजदूरी का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त गूगल शीट एवं एमआईएस (MIS) पोर्टल पर प्रगति संबंधी सूचनाएं प्रतिदिन अपडेट की जाएं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करते हुए उनकी कार्ययोजना तैयार की जाए। इनमें तालाब निर्माण एवं जीर्णोद्धार, सामुदायिक कैटल शेल्टर, सिंचाई नाली (गुल), पुस्तकालय, खेल मैदान, स्वयं सहायता समूह (SHG) वर्क शेड तथा सर्वऋतु मार्ग सहित अन्य उपयोगी कार्यों को शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि चिन्हित कार्यों को तत्काल प्रारंभ कराते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त (श्रम-रोजगार), समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त एपीओ (APO) एडीओ (आरडी) सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







