हमीरपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू, 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे अपना नाम

SHARE:

21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष शिविर, 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं और महिलाओं को मिलेगा विशेष अवसर

हमीरपुर। लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 का मंगलवार, 17 नवंबर से शुभारंभ हो गया। जनपद के दोनों विधानसभा क्षेत्रों 228-हमीरपुर एवं 229-राठ (अ०जा०) में शुरू हुए इस अभियान के तहत पात्र नागरिक 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

इस संबंध में कलेक्ट्रेट स्थित एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला प्रशासन ने मीडिया प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम, निर्धारित तिथियों एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

प्रेस वार्ता में बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन होगा।

इस अभियान के लिए अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। ऐसे युवा जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के पात्र होंगे। इसके अतिरिक्त जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।

फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन या बीएलओ के माध्यम से करें आवेदन

नया नाम जुड़वाने के लिए पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), पदाभिहित अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO)/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर भी नागरिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

चार दिन सभी मतदान केंद्रों पर चलेंगे विशेष अभियान

मतदाताओं की सुविधा के लिए 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर 2026 को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान आयोजित किए जाएंगे। इन तिथियों में बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। नागरिक इन विशेष तिथियों पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने तथा अन्य दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे।

महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर

प्रेस वार्ता में जनपद के जेंडर रेशियो में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि पूर्व में जनपद का जेंडर रेशियो 828 था, जो लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप बढ़कर 840 हो गया है। इसे 860 तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने युवाओं, महिलाओं एवं अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों से भी इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करने का अनुरोध किया गया।

जनपद में 991 मतदान केंद्र, करीब 8 लाख मतदाता पंजीकृत

वर्तमान में प्रकाशित एकीकृत निर्वाचक नामावली के आंकड़ों के अनुसार जनपद में कुल 991 मतदान केंद्र हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र 228-हमीरपुर में 509 तथा विधानसभा क्षेत्र 229-राठ (अ०जा०) में 482 मतदान केंद्र शामिल हैं। जनपद में कुल 7,99,981 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 4,34,719 पुरुष, 3,65,253 महिला एवं 09 अन्य मतदाता शामिल हैं।

प्रेस वार्ता में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री राकेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी श्री सतीश कुमार सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग की अपेक्षा की।

IKV NEWS | सच को बयान करती खबरें

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं