1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मिलेगा मतदाता बनने का अवसर, 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान
हमीरपुर। लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत मतदाता जागरूकता गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के शुभारंभ अवसर पर अंबेडकर पार्क से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अशोक कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों के हाथों में मतदाता जागरूकता से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां थीं। नारों के माध्यम से उन्होंने आम नागरिकों को मतदान के महत्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। रैली में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
16 दिसंबर तक चलेगा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान
इस अवसर पर जिलाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है तथा ऐसे पात्र नागरिक जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर नाम दर्ज करा सकते हैं।
चार विशेष अभियान दिवसों पर बूथों पर मिलेंगी सुविधाएं
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन तिथियों में सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त करेंगे। नागरिकों की सुविधा के लिए कलेक्ट्रेट, तहसील कार्यालयों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त पदाभिहित अधिकारियों के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने एवं आवश्यक संशोधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
डुप्लीकेट और मृतक मतदाताओं के नाम हटाकर सूची होगी शुद्ध
जिलाधिकारी ने बताया कि बीएलओ द्वारा नगर एवं ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों का विधानसभा निर्वाचक नामावली से मिलान कर पात्र मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है। अभियान के दौरान छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़े जाएंगे, वहीं डुप्लीकेट, मृतक एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएंगे। इसका उद्देश्य निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है।
उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने तथा पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की।
युवा एवं महिलाएं मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं से अपील की कि वे अपनी मतदाता सूची में नाम अवश्य जांचें। यदि उनका नाम सूची में शामिल नहीं है और वे निर्धारित अर्हता पूरी करते हैं, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर अपना नाम दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण और निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
IKV NEWS | सच को बयान करती खबरें







