” आॅफलाइन टेंडरों की होनी चाहिए जांच “
(नितेन्द्र झां )
#महोबा // शहर के ऐतिहासिक कल्याण सागर तालाब से संबंधित नहर की तस्वीर सामने आने के बाद सिंचाई प्रखंड महोबा की सिल्ट सफाई व्यवस्था पर पुनः सवाल खड़े हो रहे हैं। नहर के किनारे कूड़े का ढेर, झाड़ियां और गंदगी दिखाई दे रही है, जबकि नहर के भीतर भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नजर नहीं आ रही। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि नहरों की सफाई के नाम पर होने वाले खर्च का जमीन पर कितना असर दिखाई दे रहा है?
तस्वीर में कल्याण सागर तालाब की नहर के दोनों किनारों पर गंदगी और कचरा फैला नजर आ रहा है। नहर के आसपास बसी आबादी के बीच यह जलधारा बदहाल स्थिति में दिखाई दे रही है। नहर की तलहटी में जमा सिल्ट और गंदगी की समुचित सफाई न होने से जल प्रवाह एवं जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
सफाई के लिए धनराशि खर्च की जा रही है तो नहरों की वास्तविक स्थिति देखकर कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठना लाजिमी है।
जागरूक नागरिकों का आरोप है कि सफाई हुई तो गंदगी और सिल्ट क्यों दिखाई दे रही? नहरों की सफाई का उद्देश्य पानी के प्रवाह को सुचारु रखना, तल में जमा सिल्ट हटाना और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना है। लेकिन कल्याण सागर तालाब से संबंधित नहर की सामने आई तस्वीर विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। आखिर सफाई कार्य का सत्यापन किस स्तर पर किया जाता है और मौके पर निरीक्षण की जिम्मेदारी किस अधिकारी की है?








