महिला आरक्षण कानून को लेकर हमीरपुर में उबाल, महिलाओं ने निकाली पदयात्रा और किया जोरदार प्रदर्शन

SHARE:

विपक्षी नेताओं के पुतले फूंके गए, महिला सम्मेलन में चुनावी जवाब देने का आह्वान

स्थान: हमीरपुर | IKVNEWS हमीरपुर जनपद में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। विधेयक पारित होने के बाद महिलाओं में भारी उत्साह और आक्रोश दोनों देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर पदयात्रा निकाली और विपक्ष के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान विपक्ष मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए।

पदयात्रा के उपरांत बस स्टैंड चौराहे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान उपस्थित महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने विपक्ष पर महिला सम्मान के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

पुतला दहन कार्यक्रम के बाद पार्टी कार्यालय में जन आक्रोश महिला सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष शकुंतला निषाद ने किया, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी जिला पंचायत अध्यक्ष जयवंती राजपूत ने संभाली।

सम्मेलन के दौरान राठ विधायक मनीष अनुरागी और पूर्व विधायक अमरेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के साथ खिलवाड़ करने वालों को आने वाले चुनाव में जनता करारा जवाब देगी।

कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। आयोजन के बाद हमीरपुर की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है, जिससे आगामी चुनावी समीकरणों पर इसका असर पड़ना तय माना जा रहा है।

IKV News
Author: IKV News