पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा, रेलवे ट्रैक से महिला और दो मासूम बच्चों को बचाया

SHARE:

आत्महत्या के इरादे से रेलवे ट्रैक पर बच्चों सहित बैठी थी महिला 

(नितेन्द्र झां)

#महोबा। पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की जान बच गई। डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पीआरवी टीम ने समय रहते रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला और उसके बच्चों को सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार 10 जून को भाटीपुरा निवासी आसिफ खान ने डायल-112 पर सूचना दी कि एक महिला अपने दो बच्चों के साथ खजुराहो-महोबा रेलवे लाइन पर बैठी है और आत्महत्या करने की कोशिश कर रही है। सूचना मिलते ही पीआरवी-7334 तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि मुस्कान मंसूरी अपने दो बच्चों जोया और साहिल के साथ रेलवे ट्रैक पर बैठी हुई थी। उसी समय खजुराहो मेमू एक्सप्रेस के आने का समय भी निकट था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी कर्मियों ने बिना देर किए महिला और बच्चों को समझा-बुझाकर ट्रैक से हटाया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह पारिवारिक कलह और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर यह कदम उठाने जा रही थी। पुलिस टीम ने महिला की काउंसिलिंग कर उसे समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।
बाद में कोतवाली पुलिस को सूचना देकर महिला और बच्चों को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। पीआरवी टीम की इस साहसिक और मानवीय कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
जान बचाने वाली पीआरवी टीम में शामिल रहे:
हेड कांस्टेबल आशीष कुमार मिश्र (कमांडर)
कांस्टेबल अजय प्रताप सिंह (सब कमांडर)
हेड कांस्टेबल कारण कुमार (पायलट)
इस त्वरित कार्रवाई से एक महिला और दो मासूम बच्चों की जिंदगी बच गई, जिसके लिए महोबा पुलिस और यूपी-112 सेवा की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है।

Nitendra Jha
Author: Nitendra Jha

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं