मानकों को ताक पर रखकर बन रहा नाला! सरिया के जाल पर उठे सवाल, जांच की मांग तेज
बोध्द मठ के पास कराया जा रहा है कार्य
नितेन्द्र झां
महोबा। शहर में बौद्ध मठ के पास नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए सरिया का जाल मानक के विपरीत लगाया जा रहा है, जिससे नाले की मजबूती और गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में तय तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया तो कुछ ही समय में नाला क्षतिग्रस्त हो सकता है और सरकारी धन की बर्बादी होगी। लोगों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों की अनदेखी के कारण ठेकेदार मनमाने तरीके से कार्य करा रहा है।
नागरिकों ने मांग की है कि निर्माण में प्रयुक्त सरिया के व्यास, ग्रेड, दूरी (स्पेसिंग) और जाल की तकनीकी गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कराई जाए। साथ ही निर्माण कार्य की मौके पर जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों ने उच्चाधिकारियों से अपील की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और मानकों के अनुरूप ही नाला निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी या जनधन की हानि न हो।







