खन्ना पुलिस का जुआ अड्डे पर बड़ा छापा, 5 आरोपी गिरफ्तार; ₹1.01 लाख नकद, 7 मोबाइल और 2 बाइक बरामद

SHARE:

नितेन्द्र झां 

महोबा।पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना खन्ना क्षेत्र में संचालित एक जुआ अड्डे पर छापा मारकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹1,01,150 नकद, 52 ताश के पत्ते, 7 मोबाइल फोन तथा 2 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। दोनों मोटरसाइकिलों में से एक अपाचे बाइक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी नगर रविकांत गोंड के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह व पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मनोरा बाबा मंदिर के पास पीपल के पेड़ के नीचे दबिश दी। यहां पांच लोग जुआ खेलते मिले, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से ₹89,600 मालफड़, ₹11,550 जामा तलाशी से, कुल ₹1,01,150 नकद, 52 ताश के पत्ते, 7 मोबाइल फोन और 2 मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों में मुलायम सिंह (महोबा), बरातीलाल यादव (बांदा), बोधन यादव (बांदा), गोविंद सिंह राजपूत (बांदा) तथा शिवबरन तिवारी उर्फ चच्चू महाराज (महोबा) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना खन्ना में मु0अ0सं0 67/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम एवं धारा 112(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए कई आरोपियों के विरुद्ध पहले से जुआ अधिनियम, मारपीट, एससी/एसटी एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों में भी मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Nitendra Jha
Author: Nitendra Jha