स्कूल वैन पेड़ से टकराई, 13 बच्चे बाल-बाल बचे;वैन की फिटनेस पर उठे सवाल

SHARE:

 

8 सीट की वैन में 13 बच्चे थे सवार, चीख-पुकार सुन ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू, पुलिस ने प्रारंभिक जांच में स्टेयरिंग फेल होने की आशंका जताई।

एआरटीओ के “मिशन सेफ फ्यूचर “पर खड़े हुए सवाल?

#नितेन्द्रझां
#महोबा : जिले के महोबकंठ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब बसंत वैली पब्लिक स्कूल की बच्चों से भरी वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के समय वैन में क्षमता से अधिक, कुल 13 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि सभी बच्चे सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वैन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और परिजनों व पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद स्कूल वैन की सुरक्षा और फिटनेस को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि 8 सीट क्षमता वाली वैन में 13 बच्चों को बैठाया गया था, जो परिवहन नियमों का उल्लंघन है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में वैन का स्टेयरिंग फेल होना हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, वाहन की तकनीकी जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा वाहन की फिटनेस, ओवरलोडिंग और बच्चों की सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

Nitendra Jha
Author: Nitendra Jha