जिलाधिकारी गज़ल भारद्वाज का सख्त कार्रवाई जारी
नितेन्द्र झां
#महोबा। जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी श्रीमती गजल भारद्वाज ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की विभागवार समीक्षा करते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा), अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) तथा सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर पुष्पेन्द्र निरंजन से जून माह की रैंकिंग और जुलाई माह की प्रगति के संबंध में निर्धारित 11 मूल्यांकन बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से उन शिकायतों पर नाराजगी जताई जिनमें शिकायतकर्ताओं ने असंतुष्टि दर्ज कराई या संबंधित अधिकारियों ने शिकायतकर्ता से संपर्क तक नहीं किया। उन्होंने ऐसे मामलों में 25 जुलाई तक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने जून माह में खराब प्रदर्शन करने वाले एक दर्जन से अधिक अधिकारियों के वेतन आहरण पर पूर्व में लगाई गई रोक को यथावत बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन कार्यालय पहुंचकर जनता की समस्याएं सुनने, IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने, शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करने तथा स्थलीय निरीक्षण कर गवाहों के हस्ताक्षर और फोटोग्राफ सहित आख्या अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतों के फीडबैक में सुधार हो सके।
डीएम ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता जन शिकायतों का प्रभावी समाधान है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







