बिना फिटनेस-बीमा वाले स्कूल वाहन नहीं चलेंगे, दुर्घटना संभावित स्थलों पर लगेंगे चेतावनी बोर्ड, राठ चुंगी तिराहे का होगा चौड़ीकरण
नितेन्द्र झां
#महोबा। जिलाधिकारी श्रीमती गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विभागों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन स्कूल वाहनों की फिटनेस और बीमा की वैधता समाप्त हो चुकी है, उनका तत्काल नवीनीकरण कराया जाए। साथ ही बिना फिटनेस और बीमा वाले किसी भी वाहन का विद्यालयों में संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
लोक निर्माण विभाग, एनएच, एनएचएआई और नगर पालिका को सड़क किनारे दुर्घटना का कारण बन रही झाड़ियों को हटाने, दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में साइनेज, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। एनएच झांसी को राठ रोड स्थित संत निरंकारी भवन के पास रंबल स्ट्रिप/टेबल टॉप बनाने तथा कुलपहाड़-पनवाड़ी मार्ग के जमाला मोड़ का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में राठ चुंगी तिराहे से अतिक्रमण हटाकर चौड़ीकरण कराने और उसके सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं रामकथा मार्ग तिराहे के चौड़ीकरण के लिए संयुक्त निरीक्षण कराने का निर्णय लिया गया।
डीएम ने खनिज विभाग से पिछले पांच वर्षों में जिला खनिज न्यास निधि से निर्मित सड़कों के हस्तांतरण की रिपोर्ट तथा एआरटीओ विभाग से ओवरलोडिंग के विरुद्ध कार्रवाई और चालानों से प्राप्त राजस्व का विवरण उपलब्ध कराने को कहा।
इसके अलावा झलकारी बाई तिराहे से परमानंद तिराहे तक निर्माणाधीन सड़क कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी सड़क निर्माण विभागों को अगले 15 दिनों तक अलर्ट मोड में रहकर सड़कों से जुड़ी सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कुंवर पंकज, उपजिलाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








