80 वर्षीय कल्लू जोगी गिरफ्तार, खून से सना डंडा और कपड़े बरामद, पुलिस टीम को ₹25 हजार का इनाम
नितेन्द्र झां
महोबा। बेलाताल स्थित फूलबाग हनुमान मंदिर के पुजारी उदित नारायण मिश्र की हत्या के मामले में महोबा पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए 80 वर्षीय आरोपी कल्लू जोगी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने वर्षों पुरानी निजी रंजिश का बदला लेने और अपने विरोधी को हत्या के मुकदमे में फंसाने की साजिश के तहत पुजारी की हत्या की थी।
पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिली डायरी के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। आरोपी को उसके खेत पर बने कमरे से गिरफ्तार किया गया, जहां उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित बांस का डंडा, खून से सने कपड़े, डायरी तैयार करने में इस्तेमाल सुई-धागा और दो कॉपियां बरामद की गईं।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बेलाताल निवासी एक व्यक्ति और उसके परिवार से उसका वर्षों पुराना भूमि विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने पहले एक डायरी तैयार की, जिसमें विरोधी के खिलाफ बातें लिखीं और हत्या के बाद उसे शव के नीचे रख दिया, ताकि पुलिस का शक उसी व्यक्ति पर जाए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में डायरी, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों ने पूरी साजिश की परतें खोल दीं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 238 बीएनएस भी बढ़ाई गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी गंभीर है। वर्ष 2019 में वह हत्या के एक अन्य मामले में आजीवन कारावास की सजा पा चुका है।
पुजारी हत्याकांड का सफल खुलासा करने वाली थाना कुलपहाड़ पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम को पुलिस अधीक्षक ने ₹25 हजार नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।








