राष्ट्रीय एकता दिवस पर हमीरपुर में विविध कार्यक्रम, डीएम ने अस्पतालों का किया निरीक्षण

SHARE:

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मरीजों को फल वितरित कर जाना हाल; दवाओं की उपलब्धता और बेहतर उपचार के दिए निर्देश, जेएसवाई के लंबित भुगतान एक सप्ताह में निस्तारित करने के आदेश

हमीरपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने जिला संयुक्त चिकित्सालय (पुरुष एवं महिला) पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए तथा उनका कुशलक्षेम जाना। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वच्छ वातावरण में समय से बेहतर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। चिकित्सकों को निर्देशित किया कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से मरीजों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए। अनावश्यक रूप से मरीजों को अन्यत्र रेफर न किया जाए तथा केवल अत्यंत गंभीर अथवा अपरिहार्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में ही रेफर करने की कार्रवाई की जाए।

दवाओं की उपलब्धता के संबंध में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक दवाएं अस्पताल के दवा स्टोर अथवा प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी मरीज को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए विवश न किया जाए।

जेएसवाई के लंबित भुगतान एक सप्ताह में निस्तारित करने के निर्देश

महिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के अंतर्गत पिछले वित्तीय वर्ष तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष में अप्रैल माह से अब तक लाभार्थियों के लंबित भुगतानों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को निर्देश दिए कि एमओआईसीवार लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कराकर एक सप्ताह के भीतर सभी भुगतानों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित समयावधि में कार्रवाई पूरी न होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वृद्धाश्रम एवं कुष्ठ आश्रम में भी वितरित किए फल

राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रमों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह ने वृद्धाश्रम एवं कुष्ठ आश्रम पहुंचकर आवासित लोगों को फल वितरित किए तथा उनका कुशलक्षेम जाना।

इसके अतिरिक्त विभिन्न विद्यालयों में सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सायंकाल राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर में उनके जीवन चरित्र पर आधारित फिल्म शो का आयोजन भी किया गया।

जनपद में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया। साथ ही जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को भी प्रमुखता दी गई।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री राकेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पुरुष डॉ. आर.एस. प्रजापति, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला श्री राजीव शाक्य सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं