जनगणना-2027: 16 से 30 नवंबर तक चलेगा स्व-गणना अभियान, हमीरपुर में तैयारियां तेज

SHARE:

जिलाधिकारी अशोक कुमार ने मीडिया प्रतिनिधियों एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ की बैठक, शत-प्रतिशत परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर

गांव-गांव में स्मार्टफोन के माध्यम से स्व-गणना में मदद करेंगे 10 सदस्यीय दल, पोलियो अभियान की तर्ज पर तैयार होगा माइक्रो प्लान

हमीरपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों एवं स्व-गणना अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर जिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।


बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 से 30 नवंबर, 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान नागरिक निर्धारित स्व-गणना पोर्टल अथवा ऐप के माध्यम से स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जनपद में अभियान के तहत शत-प्रतिशत परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पोलियो अभियान की तर्ज पर बनेगा माइक्रो प्लान

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके आंकड़े देश एवं प्रदेश की भावी विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सही जानकारी दर्ज होना आवश्यक है।

उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना के लिए पोलियो अभियान की तर्ज पर प्रभावी माइक्रो प्लान तैयार किया जाए, जिससे ग्रामीण, नगरीय एवं जिला मुख्यालय क्षेत्र का कोई भी परिवार छूटने न पाए। इसके लिए प्रशासनिक, न्यायिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिनवार और क्षेत्रवार नोडल अधिकारी नामित कर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

गांव-गांव में 10 सदस्यीय टीम करेगी सहयोग

ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधान, कोटेदार, पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवकों के माध्यम से अभियान को प्रभावी बनाया जाएगा। वहीं, नगरीय क्षेत्रों में नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के सहयोग से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रत्येक गांव में स्मार्ट मोबाइल चलाने में दक्ष 10 युवाओं अथवा कर्मियों की टीम तैयार करने के निर्देश दिए। यह टीम अभियान के शुरुआती दिनों में गांव-गांव जाकर नागरिकों को मोबाइल के माध्यम से स्व-गणना प्रपत्र भरने में सहयोग करेगी। इससे तकनीकी जानकारी के अभाव में कोई भी परिवार स्व-गणना प्रक्रिया से वंचित नहीं रहेगा।

मीडिया से व्यापक प्रचार-प्रसार की अपील

जिलाधिकारी ने उपस्थित पत्रकारों एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से स्व-गणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाना संभव नहीं है। मीडिया की सक्रिय भूमिका से प्रत्येक परिवार तक स्व-गणना की जानकारी पहुंचाई जा सकती है तथा नागरिकों को निर्धारित अवधि में स्वयं अपनी गणना पूरी करने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।

बैठक में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, पंचायत राज विभाग के प्रतिनिधि, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स उपस्थित रहे।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं