दीपावली से पहले हमीरपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 30 किलो दूषित मिठाई नष्ट

SHARE:

खोया, पनीर, बर्फी और पेड़ा सहित 9 नमूने जांच के लिए भेजे गए, कुरारा, सुमेरपुर और हमीरपुर में चला अभियान

हमीरपुर। दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने एवं आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत दो दिनों में विभिन्न मिठाई की दुकानों एवं डेयरी प्रतिष्ठानों से खोया, पनीर और मिठाई सहित कुल 9 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहीत किए गए। वहीं, मौके पर 30 किलोग्राम दूषित मिठाई नष्ट कराई गई।


आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी हमीरपुर के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे अभियान के तहत 3 नवंबर को कस्बा कुरारा में कार्रवाई की गई। यहां लाल जी लस्सी एवं स्वीट भंडार, संतोष गुप्ता डेयरी तथा महक दूध डेयरी एवं स्वीट से खोया, बर्फी और पनीर के कुल 5 नमूने संग्रहीत किए गए।

इसी क्रम में 4 नवंबर को नगरपालिका हमीरपुर एवं कस्बा सुमेरपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दीक्षित स्वीट्स, पंडित स्वीट हाउस, दिव्या स्वीट्स एवं रवी स्वीट्स से पेड़ा, दूध की बर्फी एवं बर्फी के कुल 4 नमूने जांच हेतु लिए गए।

30 किलो दूषित मिठाई मौके पर नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान 20 किलोग्राम दूषित बर्फी एवं 10 किलोग्राम दूषित छेना मौके पर ही नष्ट कराया गया। इस प्रकार अभियान के अंतर्गत कुल 30 किलोग्राम दूषित मिठाई का निस्तारण कराया गया। संग्रहीत किए गए सभी 9 खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

मिलावटखोरी के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा

यह कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य)-II डॉ. गौरी शंकर के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार की उपस्थिति में की गई।

विभाग द्वारा खाद्य कारोबारकर्ताओं को अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों का क्रय-विक्रय किसी भी दशा में नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली पर्व के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए मिलावटखोरी के विरुद्ध निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान निरंतर जारी रहेगा।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं