धान क्रय केंद्र पर किसानों से किया सीधा संवाद, खाद-बीज की कालाबाजारी, ओवररेटिंग और टैगिंग पर सख्ती के निर्देश
हमीरपुर। किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल, बांदा अजीत कुमार ने शनिवार को तहसील राठ का दौरा किया। उन्होंने पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बांदा राजेश एस के साथ थाना राठ में आयोजित समाधान दिवस में प्रतिभाग किया। इस दौरान प्राप्त सभी पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से भूमि विवाद एवं राजस्व-पुलिस से संबंधित मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करे और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
कृषि केंद्रों पर खाद-बीज की उपलब्धता जांची
समाधान दिवस के बाद आयुक्त ने राठ स्थित एग्री जंक्शन एवं कृषि केंद्र बीज भंडार का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बीज एवं उर्वरक वितरण की व्यवस्थाओं, स्टॉक और बिक्री दरों की जानकारी ली। अधिकारियों एवं केंद्र संचालकों को निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित सरकारी दरों पर गुणवत्तायुक्त बीज और उर्वरक उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि खाद के साथ किसी अन्य सामग्री की जबरन टैगिंग, निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली अथवा वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर स्टॉक और बिक्री दरों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए तथा संबंधित अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन रखे जाएं।
धान क्रय केंद्र पर किसानों से लिया फीडबैक
इसके बाद आयुक्त ने राठ मंडी परिसर स्थित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने खरीद प्रक्रिया और किसानों को समर्थन मूल्य के भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं एवं अनुभव जाने। किसानों ने खरीद और भुगतान व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।

आयुक्त ने निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अनुसार पारदर्शी तरीके से धान की खरीद की जाए। किसानों को उनकी उपज का भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
पीसीएफ केंद्र पर उर्वरक वितरण की समीक्षा
निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने मंडी परिसर स्थित पीसीएफ केंद्र का भी जायजा लिया। यहां एनपीके, यूरिया एवं डीएपी उर्वरक उपलब्ध पाए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की मांग के अनुरूप उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी जाए और वितरण निर्धारित दरों पर पारदर्शी ढंग से किया जाए।
उन्होंने कालाबाजारी, जमाखोरी, ओवररेटिंग और उर्वरकों के साथ टैगिंग जैसी अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि किसानों को खेती के लिए आवश्यक कृषि निवेश प्राप्त करने से लेकर अपनी उपज बेचने तक किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और शासन की मंशा के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।







