मतदाता सूची में नाम जुड़वाने उमड़े आवेदक: राठ में आयुक्त ने दो विद्यालयों के बूथों का किया निरीक्षण, मिले 64 आवेदन

SHARE:

45 नए मतदाताओं ने भरा फार्म-6, नाम विलोपन के 9 और संशोधन के 10 आवेदन प्राप्त; युवाओं, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों के पंजीकरण पर विशेष जोर

हमीरपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची को अधिक समावेशी और त्रुटिरहित बनाने के लिए शनिवार को आयोजित विशेष अभियान दिवस पर चित्रकूटधाम मंडल, बांदा के आयुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर अजीत कुमार ने राठ तहसील के दो विद्यालयों में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता पंजीकरण अभियान की प्रगति, बीएलओ की उपस्थिति और प्राप्त आवेदनों की स्थिति का जायजा लिया।

आयुक्त ने गांधी राष्ट्रीय विद्यालय (जीआरवी) इंटर कॉलेज एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राठ में पहुंचकर बूथों पर चल रहे विशेष पुनरीक्षण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से मतदाता सूची में नए नाम शामिल करने, अपात्र एवं मृतक मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता विवरण में संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान संबंधित मतदेय स्थलों पर कुल 64 आवेदन प्राप्त होने की जानकारी दी गई। इनमें नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए 45 फार्म-6, मतदाता सूची से नाम विलोपन के लिए 09 फार्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए 10 फार्म-8 शामिल हैं।

18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं और महिलाओं पर विशेष ध्यान

आयुक्त अजीत कुमार ने अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि विशेष अभियान दिवस के दौरान निर्धारित समय तक सभी मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया में सहयोग दें। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं और दिव्यांगजनों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान चलाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्राप्त फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 की नियमानुसार जांच कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूटना नहीं चाहिए। साथ ही लोगों को अपनी मतदाता सूची की प्रविष्टियों की जांच करने के लिए जागरूक किया जाए।

केवल वोटर आईडी होना पर्याप्त नहीं, सूची में नाम होना जरूरी

आयुक्त ने मतदाताओं को जागरूक करते हुए कहा कि केवल मतदाता पहचान पत्र (EPIC) होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना भी अनिवार्य है। इसलिए प्रत्येक नागरिक अपनी और अपने परिवार के पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में प्रविष्टि अवश्य जांच लें।

उन्होंने निर्वाचन कार्यों को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने तथा विशेष अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, जिससे कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं