हमीरपुर में ‘Plastic Pollution Free India’ अभियान के तहत जागरूकता प्रदर्शनी, छात्रों ने बनाई ‘चक्रम’ मानव श्रृंखला

SHARE:

हमीरपुर, 18 अप्रैल 2026/ प्लास्टिक प्रदूषण के बढ़ते खतरे को देखते हुए जन-जागरूकता के उद्देश्य से ‘Plastic Pollution Free India’ अभियान के अंतर्गत आज हमीरपुर के अवतार मेहर बाबा मॉन्टेसरी विद्यालय, मेहरपुरी में एक प्रभावशाली जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम Team Earthcare द्वारा आयोजित प्रदर्शनी श्रृंखला का हिस्सा था, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान Team Earthcare के प्रतिनिधि विकास निगम ने प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि आज के समय में एक व्यक्ति दिनभर में 100 से अधिक बार प्लास्टिक का उपयोग करता है। उन्होंने कहा कि समस्या तब गंभीर हो जाती है, जब उपयोग के बाद प्लास्टिक को इधर-उधर फेंक दिया जाता है। इसके समाधान के रूप में उन्होंने प्रत्येक घर में “Used Plastic Collection Box – चक्रम” बनाने का सुझाव दिया, ताकि इस्तेमाल की गई प्लास्टिक को एकत्र कर पुनर्चक्रण के लिए भेजा जा सके।

विद्यालय की प्रधानाचार्या ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि 32 माइक्रोन से कम मोटाई वाली प्लास्टिक का उपयोग खाद्य पदार्थों के लिए नहीं करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि प्लास्टिक के बर्तनों में गर्म भोजन रखने से रासायनिक प्रतिक्रिया हो सकती है, जिससे भोजन विषाक्त बन सकता है और स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

इस अवसर पर आयोजित “चक्रम” मानव श्रृंखला अभियान में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में शिक्षक श्री निवासन जी एवं संजय खरे सहित अन्य शिक्षकों ने भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।

प्रदर्शनी के माध्यम से Team Earthcare के सदस्य अभिषेक, अखिलेश, कनक एवं विशाखा ने विद्यार्थियों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम ने न केवल छात्रों को जागरूक किया, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति एक सकारात्मक संदेश भी प्रसारित किया।

IKV News
Author: IKV News