(नितेन्द्र झां)
महोबा :- जिला अधिकारी गजल भारद्वाज ने गुरुवार को ग्राम पंचायत पसवारा पहुंचकर निर्माणाधीन खेल मैदान, बैडमिंटन एवं बास्केटबॉल कोर्ट के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने निर्माण में उपयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता, भूमि समतलीकरण, ड्रेनेज व्यवस्था तथा कोर्ट के मानक आकारों की भी जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों और ठेकेदारों को कार्य की गति बढ़ाने तथा प्रतिदिन प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि युवाओं के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं का विकास प्रशासन की प्राथमिकता है और निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैडमिंटन और बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा कर खेल प्रेमियों को जल्द समर्पित किया जाएगा।
प्रशासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।








