प्रतिबंधित भूमि की रजिस्ट्री का आरोप, पूर्व उप निबंधक की कार्यशैली पर उठे सवाल

SHARE:

 

#महोबा। जनपद में तैनात रहे पूर्व उप निबंधक (सब-रजिस्ट्रार) हनुमत प्रसाद यादव की कार्यशैली को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि उनके कार्यकाल के दौरान मुख्यालय के चरखारी बाईपास रोड स्थित हीरो बाइक एजेंसी के सामने बरमदेव वाली कुड़िया की भूमि की खरीद-बिक्री पर प्रतिबंध होने के बावजूद उसकी रजिस्ट्री कर दी गई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित भूमि को अभिलेखों में भूमिधरी दर्शाकर रजिस्ट्री की कार्रवाई की गई, जबकि उक्त भूमि की खरीद-बिक्री प्रतिबंधित थी। मामला सामने आने के बाद संबंधित विभाग में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

आरोपों में यह भी कहा गया है कि तत्कालीन उप निबंधक के कार्यकाल में रजिस्ट्री कार्यालय में कई ऐसे मामलों में नियमों की अनदेखी की गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है।

अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि संबंधित भूमि वास्तव में प्रतिबंधित श्रेणी में थी तो उसकी रजिस्ट्री किस आधार पर और किन अभिलेखों के आधार पर स्वीकृत की गई। मामले में जांच होने पर ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और जिम्मेदारी तय की जा सकेगी।

Nitendra Jha
Author: Nitendra Jha