विधि-विधान से किया गौमाता का पूजन-अर्चन, गौसेवा और संरक्षण का दिया संदेश; जनपदवासियों को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की दी शुभकामनाएं
हमीरपुर। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर जिलाधिकारी अशोक कुमार एवं सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने सदर विधायक के पैतृक गांव पौथिया स्थित गौशाला पहुंचकर विधि-विधान और श्रद्धा के साथ पूजन-अर्चन किया। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने गौमाता की पूजा कर गोवंशों को गुड़, चना, फल एवं अन्य खाद्य सामग्री खिलाई। उन्होंने गौवंशों के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर देखभाल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और गौसेवा की भावना से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। गोवंश ग्रामीण अर्थव्यवस्था और भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग हैं। उनका संरक्षण और सेवा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने गौशालाओं में संरक्षित गोवंशों के लिए समुचित देखभाल, चारा-पानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने जनपदवासियों को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक समरसता और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने लोगों से गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने भी जनपदवासियों को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रकाश और आस्था का यह पर्व समाज में सकारात्मकता, सौहार्द एवं सद्भाव का संदेश लेकर आए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं सदर विधायक ने जनपद की निरंतर प्रगति और खुशहाली की कामना करते हुए गौसेवा एवं जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
#IKVNEWS | सच को बयां करती खबरें







