राठ में अभियान 5.0 के तहत जागरूकता शिविर आयोजित, फेस ऑथेंटिकेशन से प्रमाण-पत्र बनाने की दी गई जानकारी; 17 नवंबर को मौदहा में लगेगा शिविर
हमीरपुर। पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को अब डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए कोषागार के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्मार्टफोन के माध्यम से घर बैठे आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार किया जा सकेगा। इसी सुविधा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को तहसील राठ में डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 5.0 के अंतर्गत जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार के निर्देशन में आयोजित शिविर में वरिष्ठ कोषाधिकारी श्रीमती अंकिता सिंह ने पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की उपयोगिता एवं इसे बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। सहायक कोषाधिकारी श्री अभिराम तिवारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर श्री मुन्ना खां ने मोबाइल के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन द्वारा जीवन प्रमाण-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
अधिकारियों ने बताया कि पेंशनर अपने स्मार्टफोन में आवश्यक एप इंस्टॉल कर जीवन प्रमाण पोर्टल के माध्यम से यह सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए आधार संख्या, मोबाइल नंबर, ओटीपी, पीपीओ संख्या, बैंक खाता संख्या एवं आईएफएससी कोड जैसे आवश्यक विवरण दर्ज करने होते हैं। इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन अथवा बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाया जा सकता है।
इस सुविधा से विशेष रूप से बुजुर्ग एवं अस्वस्थ पेंशनरों को राहत मिलेगी। उन्हें जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कोषागार तक आने-जाने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा और समय की भी बचत होगी। जो पेंशनर स्वयं मोबाइल से प्रमाण-पत्र नहीं बना सकते, वे नजदीकी जन सुविधा केंद्र, साइबर कैफे, डाकघर अथवा डोरस्टेप बैंकिंग सेवा की मदद ले सकते हैं।
वरिष्ठ कोषाधिकारी श्रीमती अंकिता सिंह ने बताया कि अभियान 5.0 के तहत अगला जागरूकता शिविर 17 नवंबर 2026 को तहसील मौदहा में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने मौदहा तहसील क्षेत्र के सभी पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचने की अपील की। उन्होंने पेंशनरों से यथासंभव अपना स्मार्टफोन साथ लाने का भी अनुरोध किया, ताकि उन्हें मौके पर ही डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया समझाई जा सके।
IKV News | हमीरपुर
सच को बयां करती खबरें







