IKVNEWS/हमीरपुर। महिलाओं के सम्मान, सुविधा और सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल के तहत बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार, हमीरपुर में ‘लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मातृ शक्ति यात्रा योजना’ एवं रक्षाबंधन पर निःशुल्क बस यात्रा सुविधा के शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना गया।
कार्यक्रम का आयोजन ‘महिलाओं का सम्मान-हमारी प्राथमिकता’ एवं ‘बराबरी से ही बनेगा बेहतर कल’ के संकल्प के साथ महिला समानता दिवस के अवसर पर किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश द्वारा योजनाओं के शुभारंभ कार्यक्रम का जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित लोगों ने सीधा प्रसारण देखा।


60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन मुफ्त यात्रा
‘लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मातृ शक्ति यात्रा योजना’ के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की साधारण बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना को महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सुगम आवागमन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वहीं, रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक रोडवेज की बसों में महिला यात्रियों तथा उनके साथ एक सहयात्री को भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।
महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती शकुंतला निषाद ने कहा कि महिलाओं को समान अवसर, सम्मान एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुविधा और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए संचालित की जा रही इन योजनाओं से उनका आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा।

इस अवसर पर नगरपालिका परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष श्री कुलदीप निषाद, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री राकेश कुमार, नगर अध्यक्ष भाजपा श्री अंकित गुप्ता, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक हमीरपुर डिपो श्री राम प्रताप साहू, डिपो प्रभारी श्री निरंजन वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. जी.के. द्विवेदी, समन्वयक, जिला विज्ञान क्लब, हमीरपुर द्वारा किया गया।







