#महोबा। विद्यालयों की अवस्थापना एवं व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी श्रीमती गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में जलभराव, पहुंच मार्ग, कायाकल्प, जर्जर भवनों के चिन्हांकन और विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की स्थिति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिला समन्वयक निर्माण एवं खंड शिक्षा अधिकारी विद्यालयों में जलभराव, पहुंच मार्ग, जर्जर भवनों तथा हाईटेंशन लाइन से संबंधित स्पष्ट सूचना प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि 10 दिन के भीतर जर्जर विद्यालय भवनों का सत्यापन कराकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यालयों में जलभराव, पहुंच मार्ग और हाईटेंशन लाइन से संबंधित समस्याओं की स्पष्ट कारणों सहित रिपोर्ट भी निर्धारित अवधि में उपलब्ध कराई जाए।
डीएम ने दो सप्ताह के भीतर जर्जर विद्यालयों के मूल्यांकन एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं, संबंधित सूचनाएं प्राप्त होने तक खंड शिक्षा अधिकारियों एवं जिला समन्वयक निर्माण के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी








