एनसीसी कैडेट एवं माई भारत वालंटियर्स के माध्यम से चलेगा जनजागरूकता अभियान, संभावित मरीजों को निःशुल्क जांच व उपचार के लिए किया जाएगा प्रेरित
हमीरपुर। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मुक्त भारत अभियान–जॉय टीम का शुभारम्भ बुधवार, 08 अक्टूबर 2026 को मुख्य विकास अधिकारी सभागार, हमीरपुर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक भारत मंडपम, नई दिल्ली से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री तथा केंद्रीय राज्य मंत्री, खेल एवं आयुष मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से वर्चुअल माध्यम से किया गया।

जनपद हमीरपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि श्री अशोक तिवारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला क्षय रोग अधिकारी, समस्त अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्री अनिल यादव, ब्लॉक/वार्ड स्तर पर जॉय टीम के लिए नामित अधिकारी, मेजर अजय तिवारी, एनसीसी अधिकारी, एनसीसी कैडेट, माई भारत वालंटियर तथा टीबी विजेता हमीरपुर ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, एनसीसी कैडेट्स, वालंटियर्स एवं अन्य प्रतिभागियों को टीबी मुक्त भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई गई।
प्रत्येक ब्लॉक/वार्ड में गठित होगी जॉय टीम
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जॉय टीम के अंतर्गत जनपद के प्रत्येक ब्लॉक एवं वार्ड में पांच एनसीसी कैडेट तथा पांच माई भारत वालंटियर्स को जोड़ा गया है। ये टीमें टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाएंगी।
जॉय टीम के सदस्य लोगों को टीबी के लक्षणों, बचाव एवं समय पर जांच और उपचार के महत्व के बारे में जागरूक करेंगे। इसके साथ ही नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं आयुष्मान आरोग्य केंद्रों पर जाकर संभावित क्षय रोगियों को निःशुल्क जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि टीबी की पहचान और समय पर उपचार से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। जनभागीदारी, जागरूकता और स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं के बेहतर उपयोग के माध्यम से टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में जॉय टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
— IKVNEWS, हमीरपुर







