‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राठ में श्रमिक सम्मान एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित

SHARE:

श्रमिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर वितरित की गईं दवाएं, कल्याणकारी एवं पेंशन योजनाओं की दी गई जानकारी

हमीरपुर। शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुरुवार को राठ के रानी गेट स्थित लल्ला भाईजान पेट्रोल पंप लेबर अड्डे पर श्रमिक सम्मान, स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने श्रमिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान रक्तचाप, ब्लड शुगर, वजन एवं BMI की जांच की गई तथा आवश्यकता के अनुसार दवाओं का वितरण किया गया। चिकित्सकों ने श्रमिकों को पौष्टिक आहार लेने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, स्वच्छता बनाए रखने तथा उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं मोटापे से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

श्रमिकों को योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यक्रम में प्रभारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री दामोदर प्रसाद अग्रहरि ने श्रमिकों को उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण परिषद की शिक्षा, कन्या विवाह, मातृत्व सहायता, चिकित्सा एवं खेलकूद योजनाओं के साथ प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना एवं राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि पात्र श्रमिक संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

वहीं श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री विजयपाल सोनकर ने भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) में श्रमिकों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कार्यस्थल पर हेलमेट, सेफ्टी शूज, दस्ताने एवं मास्क जैसे सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए श्रमिकों को प्रेरित किया।

प्रतिष्ठान प्रबंधन को भी कार्यस्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा से संबंधित वैधानिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शिविर में श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। श्रमिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

— IKVNEWS, हमीरपुर

IKV News
Author: IKV News